Published on: 02 Jan 2026
आईजीयू के गणित विभाग को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि।
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि विश्वविद्यालय के गणित विभाग को अनुसंधान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सफलता प्राप्त हुई है। अनुसंधान राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन (ANRF) द्वारा गणित विभाग की शोध परियोजना *“Predictive Modeling of Wave Dynamics in Nonlocal and Anisotropic Smart Materials”* को वित्तीय सहायता के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है।
यह प्रतिष्ठित परियोजना *ARG-MATRICS कार्यक्रम* के अंतर्गत चयनित की गई है। इस परियोजना के प्रमुख अन्वेषक डॉ. महाबीर बड़क हैं, जिनके नेतृत्व में यह शोध कार्य आगामी 60 माह (5 वर्ष) की अवधि में संपन्न किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत प्रति वर्ष ₹5 लाख का अनुसंधान अनुदान तथा ₹1 लाख ओवरहेड्स प्रदान किए जाएंगे।
डॉ. महाबीर बड़क ने बताया कि इस शोध परियोजना का मुख्य उद्देश्य नॉन-लोकल एवं एनीसोट्रॉपिक स्मार्ट मटेरियल्स में तरंग गतिकी (Wave Dynamics) के व्यवहार का पूर्वानुमानात्मक मॉडल विकसित करना है। यह अनुसंधान उन्नत सामग्री विज्ञान, इंजीनियरिंग, रक्षा प्रौद्योगिकी, सेंसर तकनीक तथा स्मार्ट संरचनाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह शोध कार्य न केवल सैद्धांतिक और अनुप्रयुक्त गणित के क्षेत्र को सुदृढ़ करेगा, बल्कि भारत को स्मार्ट मटेरियल्स आधारित आधुनिक तकनीकों के वैश्विक मंच पर एक सशक्त पहचान दिलाने में भी सहायक सिद्ध होगा।
कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी ने इस उपलब्धि के बारे में बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल गणित विभाग बल्कि पूरे विश्वविद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और भविष्य में उच्चस्तरीय अनुसंधान गतिविधियों को प्रोत्साहित करेगी। इस उपलब्धि से आईजीयू की शैक्षणिक एवं अनुसंधान प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊँचाई मिली है। संकाय सदस्यों और शोधार्थियों ने भी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है तथा इसे विश्वविद्यालय के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।